
IBEX NEWS,शिमला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में हिमकेयर योजना को लेकर जोरदार हंगामा देखने को मिला। मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu ने दावा किया कि योजना में करीब 100 से 110 करोड़ रुपये तक के घोटाले के संकेत मिले हैं, जिसकी विजिलेंस जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
सीएम सुक्खू ने सदन में कहा कि सरकार द्वारा करवाए गए इंटरनल ऑडिट में कई हैरान करने वाले तथ्य सामने आए हैं। जांच में ऐसे बिल भी पाए गए हैं जिनमें मर्दों की बच्चेदानी के ऑपरेशन तक दर्शाए गए हैं, जबकि कुछ मामलों में आंखों में एक्सपायरी डेट के लेंस लगाने के बिल भी बनाए गए हैं। इन अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए पूरे मामले की जांच करवाई जा रही है।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री Jai Ram Thakur ने सदन में इस मुद्दे पर सरकार को घेरा। जवाब में सीएम सुक्खू ने कहा कि अगर विपक्ष की ओर से भी कोई शिकायत दी जाती है तो उसकी भी पूरी जांच करवाई जाएगी।
सीएम ने यह भी कहा कि हिमकेयर योजना को बंद करने का कोई औचित्य नहीं है, लेकिन सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए नई योजना लाने पर विचार कर रही है।



