
भाजपा केवल पार्टी नहीं, राष्ट्र निर्माण का संकल्प—डॉ. जनक राज और हंस राज
IBEX NEWS,शिमला।
भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा शिमला मुख्यालय दीपकमल चक्कर में धूम-धाम से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर पार्टी के प्रति अपने समर्पण और उत्साह का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में विधायक डॉ. जनक राज, हंस राज, भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा, सह संयोजक रामा ठाकुर, सुदीप महाजन, कोषाध्यक्ष कमल सूद, कार्यालय सह सचिव किरण बावा, इंदर ठाकुर, केशव चौहान, योग राज, शांता गौतम, नवीन सेन सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. जनक राज और हंस राज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का एक सशक्त आंदोलन है। उन्होंने कहा कि पार्टी की स्थापना राष्ट्रवाद, सुशासन और अंत्योदय के सिद्धांतों पर हुई, जिसे आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग को सशक्त बनाया गया है तथा देश वैश्विक स्तर पर मजबूती से उभरा है।
नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भाजपा की विचारधारा को बूथ स्तर तक पहुंचाकर संगठन को और मजबूत करें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण ही भाजपा की असली ताकत है।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराते हुए पार्टी को और सशक्त बनाने का प्रण लिया।


भाजपा स्थापना दिवस पर ध्वजारोहण एवं बूथ सशक्तिकरण का संकल्प, कांग्रेस की विफलताओं पर साधा निशाना
सुंदरनगर : भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कलौहड़ बूथ में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यालय में हिमाचल प्रदेश भाजपा प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जमवाल की विशेष उपस्थिति रही। इसके साथ ही जिला, मंडल पदाधिकारी एवं बूथ स्तर के सभी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भाजपा प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा का मूल आधार उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि “बूथ सशक्तिकरण ही भाजपा की चुनावी जीत की असली ताकत है और हमें हर बूथ को इतना मजबूत बनाना है कि पार्टी का संदेश हर घर तक पहुंचे।”
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हो चुकी है, जिसका श्रेय करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण को जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ काम करें और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जनता तक पहुंचाएं।
उन्होंने कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पूरी तरह विफल साबित हुई है। सरकार केवल झूठे वादों और घोषणाओं तक सीमित रह गई है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस की नीतियों से निराश हो चुकी है और बदलाव चाहती है।
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि भाजपा अब पूरी तरह चुनावी मोड में है और कार्यकर्ता एकजुट होकर कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर कांग्रेस की नाकामियों को उजागर करें और भाजपा की नीतियों एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

स्थापना दिवस पर चंबी में बूथ सशक्तिकरण का संकल्प, कांग्रेस पर तीखा प्रहार
मंडी : भारतीय जनता पार्टी के सह प्रभारी संजय टंडन ने पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर नाचन विधानसभा क्षेत्र के चंबी में बूथ नंबर 48 पर आयोजित बूथ बैठक में भाग लिया तथा विधिवत ध्वज आरोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का आधार ही उसका मजबूत बूथ संगठन है और बूथ सशक्तिकरण ही चुनावी विजय की कुंजी है।
संजय टंडन ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है जो बूथ स्तर तक संगठित ढांचे के साथ कार्य करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि प्रत्येक बूथ को इतना सशक्त बनाया जाए कि आगामी चुनावों में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़े। उन्होंने कहा कि जब बूथ मजबूत होगा, तभी संगठन मजबूत होगा और जब संगठन मजबूत होगा, तभी प्रदेश और देश में भाजपा की सरकार और अधिक सशक्त होगी।
उन्होंने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार जनविरोधी नीतियों के कारण जनता का विश्वास पूरी तरह खो चुकी है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है, लेकिन सरकार पूरी तरह असंवेदनशील बनी हुई है। ऐसे समय में भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि वे घर-घर जाकर सरकार की विफलताओं को उजागर करें और भाजपा की नीतियों एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं।
टंडन ने बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने, नए मतदाताओं को जोड़ने और संगठनात्मक गतिविधियों को निरंतर जारी रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता को “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” के संकल्प के साथ काम करना होगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने पार्टी के सिद्धांतों पर चलने और संगठन को मजबूती देने का संकल्प लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें उत्साह और जोश स्पष्ट रूप से देखने को मिला।



