
किसे मिली ‘कुर्सी’ और किसका कटा पत्ता? जिला शिमला की 13 पंचायत समितियों के अध्यक्ष पदों के आरक्षण की पूरी लिस्ट आउट!
मशोबरा-रामपुर: SC महिला के हाथ कमान
टुटू-जुब्बल: अनारक्षित मुकाबला
कोटखाई-ठियोग: महिला शक्ति का बोलबाला
IBEX NEWS,शिमला। जिला शिमला में आगामी पंचायत चुनाव 2026 की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। उपायुक्त शिमला, अनुपम कश्यप ने जिला की सभी 13 पंचायत समितियों के अध्यक्ष पदों के लिए आरक्षण की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस नई सूची के आते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल शुरू हो गई है, क्योंकि कई दिग्गजों के चुनावी समीकरण इस आरक्षण से बदल सकते हैं।
आरक्षण का पूरा गणित: एक नज़र में
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस बार आधी आबादी यानी महिलाओं की भागीदारी पर विशेष जोर दिख रहा है। 13 में से 6 सीटें महिलाओं (SC महिला सहित) के लिए आरक्षित की गई हैं।
• इन सीटों पर होगी ‘महिला राज’: बसंतपुर, ठियोग, ननखड़ी, नारकण्डा और कोटखाई में महिला अध्यक्ष चुनी जाएंगी। वहीं, मशोबरा और रामपुर की सीटें अनुसूचित जाति (महिला) के लिए आरक्षित की गई हैं।
• SC वर्ग के लिए सुरक्षित: रोहड़ू और कुपवी की सीटें अनुसूचित जाति वर्ग के लिए तय की गई हैं।
• अनारक्षित (General) सीटें: टुटू (हीरानगर), छौहारा, चौपाल और जुब्बल में मुकाबला पूरी तरह खुला (Open) रहेगा।
पारदर्शिता पर जोर
उपायुक्त ने साफ निर्देश दिए हैं कि इस सूची को सभी ग्राम पंचायतों के सूचना पट्ट और जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर तुरंत उपलब्ध कराया जाए ताकि आम जनता और भावी उम्मीदवार समय रहते अपनी तैयारियां कर सकें।





