
IBEX NEWS
शिमला, 10 अप्रैल।
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा हिमाचल गौरव पुरस्कार के लिए चयनित व्यक्तियों के लिए ठहरने, परिवहन और प्रोटोकॉल संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) की ओर से आदेश जारी कर संबंधित जिलों के उपायुक्तों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।


जारी आदेशों के अनुसार, पुरस्कार प्राप्त करने वाले सम्मानित व्यक्तियों के लिए एक सहायक (अटेंडेंट) सहित बोर्डिंग और लॉजिंग की व्यवस्था की जाएगी। इन सभी के ठहरने की व्यवस्था जिला किन्नौर के रिकांगपिओ स्थित राज्य सरकार के सर्किट हाउस/रेस्ट हाउस में की जाएगी।
इसके साथ ही संबंधित उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने जिलों से पुरस्कार विजेताओं के आवागमन हेतु परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराएं। इस पूरी व्यवस्था पर होने वाला खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
हिमाचल गौरव पुरस्कार के तहत जिन प्रमुख व्यक्तियों के नाम शामिल हैं, उनमें पद्मश्री से सम्मानित प्रेम लाल गौतम, डॉ. ओ.पी. शर्मा, डॉ. बृज शर्मा तथा स्नेह लता सहित अन्य चयनित हस्तियां शामिल हैं।
सरकार के इस निर्णय से पुरस्कार विजेताओं को कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने में मदद मिलेगी।



