
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
दुर्गम पहाड़ों और बर्फीले हालात के बीच एक बार फिर पुलिस ने अपनी मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का बेहतरीन उदाहरण पेश किया। 18 अप्रैल 2026 को शिंकुला मार्ग पर बर्फबारी के कारण बड़ा संकट खड़ा हो गया, जब बीआरओ के 3 ट्रक, ज़ांस्कर की ओर से आ रही 31 गाड़ियां और एक जेसीबी रास्ते में फंस गए।
मुख्य आरक्षी कैलाश गुलेरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम—जिसमें आरक्षी साजन गौतम, एसपीओ तेनज़िन राबगे और चालक लोबजांग तंडुप शामिल थे—ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला। कड़ाके की ठंड और कठिन परिस्थितियों के बावजूद टीम ने हार नहीं मानी।
जेसीबी की मदद से रास्ता साफ किया गया और एक-एक कर सभी वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद रात 10:45 बजे सभी को सुरक्षित दारचा पहुंचाया गया।
यह रेस्क्यू ऑपरेशन न सिर्फ पुलिस की तत्परता का प्रमाण है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि कठिन से कठिन हालात में भी पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए हमेशा तैयार रहती है।



