
IBEX NEWS BUREAU,केलांग/लाहौल-स्पीति, 22 अप्रैल
लाहौल-स्पीति जिले की कोकसर पंचायत में प्रस्तावित बांध (बैराज) परियोजना के विरोध में ग्रामीणों ने 21 और 22 अप्रैल 2026 को दो दिवसीय “कोकसर बंद” का आह्वान किया है। यह निर्णय ग्राम पंचायत कोकसर द्वारा जिला प्रशासन केलांग को सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से लिया गया है।
ज्ञापन में बताया गया है कि डिमपुक गांव के पास केन्द्रीय जल आयोग (CWC) द्वारा प्रस्तावित बांध के लिए सर्वे का कार्य जारी है, जिसका स्थानीय लोग लगातार विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर सर्वे किया जा रहा है, वह क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील है और लगभग 200 मीटर का दायरा भारी हिमस्खलन (एवलांच) की चपेट में रहता है। ऐसे में भविष्य में बांध निर्माण से गांव की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सर्वे का कार्य गांव से आगे या पीछे किसी सुरक्षित स्थान पर किया जाए, ताकि किसी भी संभावित आपदा से गांव को सुरक्षित रखा जा सके। उनका आरोप है कि पूर्व बैठकों में आपत्ति दर्ज कराने के बावजूद भी उसी स्थान पर दोबारा सर्वे कार्य शुरू कर दिया गया है।
बंद के दौरान कोकसर क्षेत्र में सभी होटल, होम स्टे, रेस्टोरेंट, ढाबे, फूड स्टॉल और साहसिक पर्यटन गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी। पंचायत ने चेतावनी दी है कि यदि सर्वे कार्य नहीं रोका गया, तो ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र होकर अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल पर चक्का जाम करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ग्राम पंचायत कोकसर ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर मामले का समाधान करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रह सके।



