
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 22 अप्रैल:
राजधानी शिमला के संजौली थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की पर पत्थर से हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस संबंध में थाना संजौली में एफआईआर संख्या 20/2026 दिनांक 21 अप्रैल 2026 को विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें बीएनएस की धाराएं 109, 64, 62, 78, 126(2), 115(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 18 शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता दोपहर के समय स्कूल से घर लौट रही थी, तभी एक युवक ने उस पर अचानक पत्थर से हमला कर दिया। हमले में लड़की घायल होकर सड़क पर गिर गई। घटना के तुरंत बाद उसे उपचार के लिए ले जाया गया, जहां उसकी चिकित्सकीय जांच पूरी की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संजौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अक्षय ठाकुर (25), पुत्र मदन ठाकुर, निवासी ढली, शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। साथ ही, क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।



