
मोबाइल व नकदी लेकर फरार हुआ था आरोपी, शिमला पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मिली सफलता
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
जिला शिमला पुलिस ने रामपुर थाना क्षेत्र में झपटमारी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अभियोग संख्या 48/2026, दिनांक 28 अप्रैल 2026 को धारा 304(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 अप्रैल को शिकायतकर्ता श्रीमती गुंजन (54), निवासी कोलकाता, पश्चिम बंगाल ने पुलिस थाना रामपुर में शिकायत दर्ज करवाई कि एक अज्ञात व्यक्ति उनका पर्स छीनकर फरार हो गया। छीने गए पर्स में मोबाइल फोन व नकद राशि मौजूद थी।
घटना की सूचना मिलते ही रामपुर पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने त्वरित तकनीकी एवं भौतिक जांच के आधार पर महज चंद घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजवीर सिंह (46), निवासी गांव रून, डाकघर मुनीश बाहली, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मामले में आगामी जांच जारी है तथा छीने गए सामान की बरामदगी सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।



