
रिजल्ट ने तोड़ी उम्मीदों की डोर… परीक्षा में फेल होने के बाद मानसिक तनाव में था छात्र, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
IBEX NEWS BUREAU,शिमला ।
शिमला के अन्नाडेल क्षेत्र से एक बेहद मार्मिक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 10+2 परीक्षा परिणाम में असफल रहने के बाद मानसिक तनाव से जूझ रहे एक युवक ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या आज की पीढ़ी परीक्षा के दबाव को सहन नहीं कर पा रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 04/05/2026 को 112 हेल्पलाइन के माध्यम से थाना वेस्ट शिमला को सूचना मिली कि अन्नाडेल के ठाकुर बाग क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस जब ठाकुर बाग स्थित फ्लैट में पहुंची तो वहां निखिलेष पुत्र प्रेमलाल शर्मा निवासी अन्नाडेल शिमला पंखे से फंदा लगाए मृत अवस्था में मिला। घर के भीतर पसरा सन्नाटा, परिजनों की चीखें और बिखरे सपनों का मंजर हर किसी की आंखें नम कर गया।
प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के पिता प्रेमलाल शर्मा ने पुलिस को बताया कि निखिलेष 10+2 के परीक्षा परिणाम में असफल होने के कारण पिछले कुछ समय से गहरे मानसिक तनाव में था। वह खुद को संभाल नहीं पा रहा था और अंदर ही अंदर टूटता जा रहा था।
पुलिस द्वारा शव का बारीकी से निरीक्षण किया गया, जिसमें शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। उप पुलिस अधीक्षक ने भी मौके पर पहुंचकर जांच संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करवाई गई तथा गवाहों के बयान दर्ज किए गए हैं।
आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूर्ण करते हुए शव को पोस्टमार्टम हेतु Indira Gandhi Medical College and Hospital के शवगृह में रखा गया है। पुलिस ने बताया कि मृतक के माता-पिता ने फिलहाल किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अमल में लाई जाएगी।
यह घटना सिर्फ एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज का दर्द है—जहां अंक और असफलता के बीच कई मासूम जिंदगियां घुट रही हैं। निखिलेष के अधूरे सपने अब एक खामोश सवाल बनकर रह गए हैं—क्या कुछ नंबर एक जिंदगी से बड़े हो गए?



