ओम प्रकाश नेगी बने प्रधान, बुद्धि राम चुने गए उपप्रधान — जसवंत सिंह मेहता ने दी शुभकामनाएं
IBEX NEWS BUREAU,शिमला ।
ग्राम पंचायत ज्ञाबूंग में पंचायत चुनावों के तहत सोमवार को सभी जनप्रतिनिधियों का सर्वसम्मति से चयन होने पर क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। पंचायत के नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को स्थानीय लोगों एवं विभिन्न संगठनों की ओर से लगातार बधाइयाँ दी जा रही हैं।



सर्वसम्मति से हुए चयन में ओम प्रकाश नेगी को ग्राम पंचायत ज्ञाबूंग का प्रधान तथा बुद्धि राम को उपप्रधान चुना गया। वहीं वार्ड सदस्यों में रूशकलंग वार्ड से कर्म सेन और स्नेहलता, तन्नम वार्ड से इंद्र कुमारी, थारमे वार्ड से छेवांग नोरबू तथा पारला ज्ञाबूंग वार्ड से नीलम कुमारी निर्वाचित हुए।

गाँग्युल कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जसवंत सिंह मेहता ने सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि नई पंचायत टीम ग्राम पंचायत ज्ञाबूंग के विकास, खुशहाली और जनसेवा के लिए समर्पित होकर कार्य करेगी। उन्होंने समस्त ग्रामवासियों को भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहयोग के लिए शुभकामनाएँ दीं।
बता दें कि ज्ञाबूंग केवल एक भौगोलिक स्थान नहीं, बल्कि एक जीवित इतिहास है। यहाँ के पत्थरों में बुशहर रियासत की कहानियाँ और यहाँ की हवाओं में प्राचीन तिब्बती व्यापारिक मार्गों की अनुगूँज सुनाई देती है। आज की ‘सर्वसम्मति’ वास्तव में उसी सदियों पुरानी भाईचारे की विरासत का सम्मान है।ज्ञाबूंग का इतिहास इन दोनों धर्मों के सुंदर समन्वय का गवाह है। यहाँ आपको प्राचीन मठ (Monasteries) और स्थानीय देवी-देवताओं के मंदिर साथ-साथ मिलेंगे।




