
शिमला पुलिस की सख्ती जारी, अब तक 39 नशा तस्करों पर हो चुकी है निरोधात्मक कार्रवाई
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
शिमला। जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आदतन और बार-बार अपराध करने वाले तस्करों पर शिकंजा कसना तेज कर दिया है। इसी क्रम में पुलिस ने आदतन चिट्टा तस्कर कुलदीप ठाकुर उर्फ मोनू निवासी सरस्कन, तहसील धर्मपुर जिला मंडी, वर्तमान निवासी लोअर विकासनगर शिमला, के खिलाफ PIT-NDPS Act की धारा 3(1) के अंतर्गत कठोर निरोधात्मक कार्रवाई अमल में लाई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था और उसके खिलाफ NDPS Act के तहत कई मामले दर्ज हैं। हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तावित कार्रवाई को मंजूरी मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ विधिवत डिटेंशन आदेश जारी किए गए। आदेशों की अनुपालना करते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगामी कानूनी प्रक्रिया के तहत आदर्श कारागार कंडा भेज दिया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वर्ष 2023 से 2025 के बीच पूर्व शिमला, ढली और संजौली थानों में चिट्टा तस्करी के चार मामले दर्ज हैं। इन मामलों में आरोपी से अलग-अलग समय पर करीब 45 ग्राम से अधिक हेरोइन/चिट्टा तथा लाखों रुपये की नकदी बरामद की गई थी।
शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि PIT-NDPS Act के तहत की जा रही कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य आदतन नशा तस्करों को दोबारा अपराध करने से रोकना और समाज में नशे के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
पुलिस के अनुसार जिला शिमला में अब तक कुल 39 आरोपियों को PIT-NDPS Act के अंतर्गत गिरफ्तार कर निरोधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है।




