
शराब के नशे में आरोपी ने रास्ता रोककर किया हमला, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
जिला शिमला पुलिस ने रोहड़ू क्षेत्र में हुए जानलेवा हमला मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस थाना रोहड़ू में अभियोग संख्या 51/2026, दिनांक 16.05.2026, अधीन धारा 126(2), 118(1), 109(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता सूरज आंचल, निवासी जिला दांग (नेपाल), हाल निवासी रोहड़ू बाजार, ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह शिकड़ी पुल, रोहड़ू में पल्लेदारी कार्य के लिए मौजूद था। इसी दौरान आरोपी गोविन्द ने शराब के नशे में उसका रास्ता रोक लिया और नुकीली वस्तु से उसकी दाहिनी कमर एवं बाईं छाती पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को तुरंत सिविल अस्पताल रोहड़ू पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए IGMC शिमला रेफर किया गया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गोविन्द पुत्र धन बहादुर, निवासी बड़ा खोली, मेहल कुना, जिला सुरिखेत (नेपाल), उम्र 40 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगामी जांच जारी है।



