
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
किन्नौर जिला के गाँव रल्ली (मेबर) की रहने वाली अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी आयुषी भंडारी का चयन प्रतिष्ठित CAVA Cup (Central Asian Volleyball Association) प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह प्रतियोगिता 22 मई से 29 मई तक नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित की जाएगी।
आयुषी भंडारी का चयन प्रतियोगिता के लिए चुनी गई 14 सदस्यीय भारतीय टीम में हुआ है। उनके चयन से पूरे किन्नौर तथा हिमाचल प्रदेश में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने इसे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया है।
आयुषी इससे पहले भी विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुकी हैं। अब वह नेपाल में आयोजित होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
स्थानीय लोगों, खेल संगठनों और क्षेत्रवासियों ने आयुषी को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की कामना की है।



