
IBEX NEWS BUREAU,शिमला।
जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना बालूगंज की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक युवक को चिट्टा/हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 6 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 15 मई 2026 को स्पेशल सेल की टीम NH-05 पर ख्वारा चौकी क्षेत्र में गश्त, यातायात चैकिंग एवं अपराध रोकथाम ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर एक बस को जांच के लिए रोका।
तलाशी के दौरान बस में सीट पर बैठे एक युवक के पास मौजूद कैरी बैग की जांच की गई। बैग के भीतर से करीब 6 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीव वर्मा (27 वर्ष) निवासी VPO कण्डयाली, तहसील कुमारसैन, जिला शिमला के रूप में हुई है।
इस मामले में पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 85/2026, अधीन धारा 21 ND&PS Act के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
जिला शिमला police ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



