
शिमला पुलिस की सख्त कार्रवाई, अब तक 40 तस्करों पर हो चुकी है PIT-NDPS Act के तहत गिरफ्तारी
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 19 मई।
जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक आदतन एवं बार-बार अपराध करने वाले नशा तस्कर के विरुद्ध PIT-NDPS Act के अंतर्गत कठोर निरोधात्मक कार्रवाई अमल में लाई है।
पुलिस के अनुसार, Ashwin Ahluwalia पुत्र भूपेंद्र अहलूवालिया निवासी राज निवास, बिलो FMPS, बीसीएस न्यू शिमला के विरुद्ध धारा 3(1) PIT-NDPS Act के तहत डिटेंशन आदेश जारी किए गए। हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्ताव को अनुमोदित किए जाने के बाद थाना न्यू शिमला पुलिस टीम ने 16 मई 2026 को आरोपी को हिरासत में लिया तथा वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत उसे तीन माह की अवधि के लिए एमसी जेल कंडा भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय रूप से संलिप्त रहा है। उसके विरुद्ध ND&PS Act के तहत पहले भी कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2021 में थाना न्यू शिमला में दर्ज मामले के अलावा वर्ष 2024 में 7 ग्राम हेरोइन/चिट्टा तथा वर्ष 2025 में 11 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामदगी के मामलों में भी आरोपी नामजद रहा है।
शिमला पुलिस ने कहा कि आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों, पुनरावृत्ति की प्रवृत्ति तथा नशा तस्करी में सक्रिय भूमिका को देखते हुए समाज और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा के हित में यह निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।
जिला शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध PIT-NDPS Act के प्रावधानों को सख्ती से लागू किया जा रहा है, ताकि ऐसे तस्करों को दोबारा अपराध करने से रोका जा सके।
पुलिस के अनुसार, जिला शिमला में अब तक कुल 40 आरोपियों को PIT-NDPS Act के अंतर्गत गिरफ्तार कर निरोधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है।



