
संवेदनशील और जन-केंद्रित पुलिसिंग का उदाहरण, पुलिस की तत्परता से टला संभावित हादसा
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 19 मई। जिला पुलिस की सतर्क, संवेदनशील एवं जन-केंद्रित कार्यशैली के तहत जुब्बल क्षेत्र में अकेले घूम रहे दो नाबालिग बच्चों को सुरक्षित ढूंढकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
जानकारी के अनुसार, 18 मई 2026 को जुब्बल क्षेत्र के गांव नकराड़ी, डाकघर झड़ग निवासी दो नाबालिग बच्चे घर से बिना बताए कहीं चले गए थे। क्षेत्र में गश्त एवं निगरानी के दौरान पुलिस टीम की नजर दोनों बच्चों पर पड़ी, जो अकेले घूमते हुए पाए गए। बच्चों की कम उम्र और स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत उन्हें अपने संरक्षण में लिया तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की।
पुलिस द्वारा तत्परता एवं मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए बच्चों के संबंध में जानकारी जुटाई गई और उनके परिजनों से संपर्क स्थापित करने के प्रयास शुरू किए गए। इसके बाद आज 19 मई 2026 को बच्चों के माता-पिता पुलिस थाना पहुंचे, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के उपरांत दोनों बच्चों को सकुशल उनके अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया गया।
जिला पुलिस ने कहा कि बच्चों से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाता है तथा ऐसे मामलों में सुरक्षा, विश्वास और मानवीय सहयोग को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है।



