
IBEX NEWS BUREAU शिमला, 19 मई।
राजधानी शिमला में सोशल मीडिया पर वायरल हुई बाइक स्टंट की एक वीडियो के आधार पर शिमला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया है। यह मामला थाना शिमला वेस्ट में अभियोग संख्या 93/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 एवं 125 के अंतर्गत पंजीकृत किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 मई को सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो पुलिस के संज्ञान में आई। जांच के दौरान पाया गया कि उक्त वीडियो “Paul Bawa” नामक फेसबुक आईडी से अपलोड की गई थी। वीडियो में दो मोटरसाइकिल चालक एनएच-05 मार्ग पर 103 टनल से टूटीकंडी बाईफरकेशन की ओर तेज रफ्तारी एवं लापरवाही से बाइक चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में एक बाइक बिना नंबर प्लेट के सड़क पर दौड़ती नजर आई, जबकि वीडियो बना रहा चालक भी खतरनाक तरीके से ओवरटेक करने और स्टंट करने के लिए दूसरे चालक को उकसाता दिखाई दिया। दोनों युवकों की इस हरकत से न केवल उनकी अपनी जान खतरे में पड़ी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा भी जोखिम में आ गई।
प्रथम दृष्टया मामला खतरनाक एवं लापरवाहीपूर्ण वाहन संचालन का पाए जाने पर पुलिस थाना पश्चिम में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
जिला शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी, तेज रफ्तारी और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से यातायात नियमों का पालन कर सड़क सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी की गई है।



