
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
रोहड़ू नगर परिषद चुनाव के दौरान विशेष श्रेणी के मतदाताओं को सम्मानित करने की अनूठी पहल देखने को मिली। पीठासीन अधिकारियों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं एवं अन्य विशेष श्रेणी के मतदाताओं को आभार पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस दौरान अधिकारियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए मतदान के प्रति जागरूकता और सहभागिता के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। चुनाव प्रक्रिया को अधिक समावेशी और प्रेरणादायक बनाने की इस पहल को लोगों ने खूब सराहा।
अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मतदाता लोकतंत्र की मजबूती का आधार हैं और उनका उत्साह अन्य नागरिकों को भी मतदान के लिए प्रेरित करता है।रिटर्निंग अधिकारी (एमसी) एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा ने मतदान प्रक्रिया के दौरान विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर विशेष श्रेणी के मतदाताओं तथा महिला पोलिंग पार्टियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने मतदान कर्मियों द्वारा निभाई जा रही जिम्मेदारियों की सराहना करते हुए मतदाताओं को लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।








