
सैैनिक चौक भुंतर-मनाली लेफ्ट बैंक रोड के ट्रांसफर प्रस्ताव पर PWD ने BRO को भेजा पत्र, राष्ट्रीय सुरक्षा और आपदा प्रबंधन का दिया हवाला
IBEX NEWS BUREAU,शिमला/मनाली: हिमाचल प्रदेश सरकार ने कुल्लू-मनाली क्षेत्र की महत्वपूर्ण सैैनिक चौक भुंतर–रामशिला–नगर–मनाली लेफ्ट बैंक रोड (MDR-29) को बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन (BRO) को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग (HPPWD) द्वारा BRO और प्रदेश सरकार के अधिकारियों को आधिकारिक पत्र भेजा गया है।


दस्तावेजों के अनुसार, यह प्रस्ताव सड़क के किलोमीटर 13/500 से 52/345 हिस्से को HPPWD से BRO को सौंपने से संबंधित है। बताया गया है कि इस संबंध में निर्णय मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया।
पत्र में कहा गया है कि कुल्लू-मनाली NH-03 राइट बैंक मार्ग बार-बार प्राकृतिक आपदाओं के दौरान प्रभावित होता रहा है। जुलाई 2023 की भारी बारिश और फ्लैश फ्लड तथा अगस्त 2025 की आपदाओं के दौरान NH-03 के कई हिस्से यातायात के लिए बंद हो गए थे। उस दौरान लेफ्ट बैंक रोड ही आम लोगों, आपातकालीन सेवाओं और लेह-लद्दाख सेक्टर के लिए सैन्य लॉजिस्टिक्स की एकमात्र लाइफलाइन बनी थी।
PWD ने यह भी उल्लेख किया है कि भारी निर्माण मशीनरी और ओवरलोड सैन्य वाहनों की आवाजाही से सड़क की स्थिति लगातार कमजोर हो रही है और इसकी संरचनात्मक क्षमता प्रभावित हो रही है।
सरकार का मानना है कि BRO को सड़क हस्तांतरित करने से इस महत्वपूर्ण मार्ग का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित होगा, राष्ट्रीय सुरक्षा ढांचे को मजबूती मिलेगी और राज्य सरकार पर पड़ने वाला रखरखाव का आर्थिक बोझ भी कम होगा।
लोक निर्माण विभाग ने BRO अधिकारियों से सड़क हस्तांतरण के लिए आवश्यक सहमति प्रदान करने का आग्रह किया है।



