
कच्चीघाटी में ओवरटेक को लेकर हुआ विवाद, शिमला पुलिस की त्वरित कार्रवाई
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 24 मई। दिल्ली से शिमला आ रही एचआरटीसी वोल्वो बस के चालक के साथ मारपीट के मामले में शिमला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना कच्चीघाटी क्षेत्र में उस समय हुई जब बस चालक द्वारा एक एचआर नंबर स्कॉर्पियो वाहन को ओवरटेक किया गया।
जानकारी के अनुसार, ओवरटेक करने से नाराज स्कॉर्पियो सवार कुछ व्यक्तियों ने बस को रुकवाया और चालक के साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना बालूगंज की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मौके से ही पकड़ लिया।

पुलिस ने मामले में Pankaj Kumar और Vikas Kumar को गिरफ्तार किया। बाद में मामले में शामिल दो अन्य आरोपी, जो ठियोग की ओर फरार हो गए थे, उन्हें ठियोग पुलिस ने डिटेन कर थाना बालूगंज पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद दोनों को भी विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में Pratibha तथा Vicky Kumar शामिल हैं। सभी आरोपी हरियाणा के पंचकूला जिले के अभयपुर गांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य तथ्यों की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।
शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने और सार्वजनिक सेवा से जुड़े कर्मचारियों के साथ हिंसात्मक व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।



