
शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सेब के बगीचे में उगाई जा रही थी अफीम
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 24 मई। जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी और अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना नेरवा की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 को पुलिस थाना नेरवा की टीम गश्त एवं कानून-व्यवस्था ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान ग्राम डोखरा के समीप एक सेब के बगीचे में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने का मामला सामने आया।
मौके पर पुलिस को लगभग 20 बिस्वा भूमि में कुल 2185 अफीम के पौधे मिले। पुलिस टीम ने नियमानुसार 10 पौधों को नमूने के तौर पर कब्जे में लिया, जबकि शेष 2175 पौधों को स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
इस संबंध में पुलिस थाना नेरवा में अभियोग संख्या 23/2026 दिनांक 22.05.2026 को धारा 18 NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि संबंधित भूमि की डिमार्केशन के लिए विभाग को आवेदन भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद भूमि स्वामी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जिला पुलिस ने साफ किया है कि नशे और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



