
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 25 मई 2026
जिला परिषद चुनावों में पार्टी अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरने वाले तीन पदाधिकारियों पर भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने कड़ा अनुशासनात्मक कदम उठाया है। पार्टी ने संगठनात्मक अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित नेताओं को तत्काल प्रभाव से उनके संगठनात्मक दायित्वों से मुक्त कर दिया है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह निर्णय वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श के बाद प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अनुमति से लिया गया। पार्टी ने स्पष्ट किया कि अधिकृत प्रत्याशियों के विरुद्ध चुनाव लड़ना संगठनात्मक मर्यादा और अनुशासन के खिलाफ है, जिसे किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कार्रवाई की जद में आए पदाधिकारियों में नूरपुर विधानसभा क्षेत्र से काहन सिंह, जो अनुसूचित जनजाति मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष थे, गुलावंत सिंह, मंडल कार्यकारिणी सदस्य, तथा शामशेर सिंह शैल, किसान मोर्चा मंडल कार्यकारिणी सदस्य शामिल हैं।
भाजपा ने इस कार्रवाई के जरिए साफ संदेश दिया है कि पार्टी विचारधारा, संगठनात्मक अनुशासन और अधिकृत प्रत्याशियों के समर्थन के मुद्दे पर किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगी। पार्टी नेतृत्व ने दोहराया कि अनुशासनहीनता करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे।
यह प्रेस विज्ञप्ति भाजपा प्रदेश कार्यालय सचिव प्रमोद ठाकुर द्वारा जारी की गई।



