
मामूली कहासुनी ने ली जान, धारदार हथियार से वार कर उतारा मौत के घाट
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र में शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। देर रात बगीचे में काम करने वाले दो नेपाली मूल के मजदूरों के बीच हुई कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने अपने साथी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस थाना चौपाल में दर्ज अभियोग संख्या 29/2026 के अनुसार, दोनों व्यक्ति एक ही डेरे में रहते थे और बागवानी कार्य करते थे। घटना वाली रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से हमला कर अपने साथी को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान समीर चौधरी (पुत्र मंगत राम), निवासी जिला कैलाली, नेपाल के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी दीपक धारजी (40), पुत्र स्व. बहादुर धारजी, हाल निवासी बेंगलुरु ग्रामीण, कर्नाटक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच मामूली विवाद के बाद यह वारदात हुई। घटनास्थल के वैज्ञानिक परीक्षण के लिए राज्य फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (SFSL) की टीम को बुलाया गया है। पुलिस मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी है और मामले की गहन जांच जारी है।



