
13 ग्राम हेरोइन बरामद; पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को दोबारा दबोचा
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 30 मई।
जिला शिमला पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस चौकी ख्वारा की टीम ने एनएच-5 पर गश्त और वाहन जांच के दौरान एक टैक्सी से 13 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 28 मई को जांच के दौरान टैक्सी में सवार साहिल कैथ (24) निवासी कराली, रामपुर और आर्यन धांटा (22) निवासी कलगांव, रोहड़ू के कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। बरामदगी की कार्रवाई स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पूरी की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस ने 1 जून तक का रिमांड हासिल किया है और मामले की जांच जारी है।
इस बीच मामले में उस समय नया मोड़ आ गया जब 29 मई को आरोपी साहिल कैथ ने अदालत परिसर में पेशी के दौरान पेट दर्द का बहाना बनाया और शौचालय से पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया। आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसके बाद जिला पुलिस ने तत्काल विशेष सर्च अभियान शुरू किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते फरार आरोपी को कुछ ही समय में दोबारा पकड़कर हिरासत में ले लिया गया। इस संबंध में थाना वेस्ट शिमला में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 262 के तहत एक और मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।



