
1189 पंचायतों में मतदान संपन्न, दोपहर 3 बजे तक करीब 72% मतदान; अब शुरू हुई मतगणना, देर शाम तक आएंगे प्रधान-उपप्रधान के नतीजे
IBEX NEWS BUREAU,शिमला।
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के तृतीय चरण के चुनाव शनिवार को लोकतंत्र के महाउत्सव में तब्दील हो गए। राज्य की 1189 पंचायतों में दोपहर 3 बजे मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में करीब 72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि शिमला में 73 और कुल्लू में 74 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव आयोग के अनुसार फील्ड से अंतिम आंकड़े आने के बाद मतदान प्रतिशत में और बढ़ोतरी संभव है।

रामपुर विकास खंड के श्री रघु दास ने मतदान कर दिया प्रेरणा का संदेश।


ग्राम कुखी, पंचायत दरकाली की श्रीमती कुम दासी ने मतदान कर पेश की मिसाल।


देवगढ़ पंचायत के पांजोल बूथ पर रितिका (19) और वर्षा (18) ने पहली बार मतदान कर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।

दलगांव-1 के वार्ड नंबर 2 में ठाकुर दास ने गर्व के साथ किया मतदान।
मतदान के दौरान प्रदेशभर में लोकतंत्र के प्रति लोगों का उत्साह देखने लायक रहा। बिलासपुर जिले के झंडुता विकासखंड की नघियार पंचायत में चलने-फिरने में असमर्थ एक मतदाता को ग्रामीण पालकी में उठाकर मतदान केंद्र तक ले गए। सुबह 7 बजे से ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं।

लिम्बरा मतदान केंद्र, वार्ड-04 से प्रेरणादायक संदेश।


चुनाव में वरिष्ठ नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं ने भी विशेष उत्साह दिखाया। रामपुर की ग्राम पंचायत किन्नू के वार्ड नंबर-4 में 100 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक ने मतदान कर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी निष्ठा का परिचय दिया। वहीं सांभर क्षेत्र के 99 वर्षीय मथु राम शर्मा, पड़गैया पंचायत के चैनैर वार्ड की 88 वर्षीय गोपी चौहान तथा आंबवाला की 78 वर्षीय अमरा देवी ने मतदान कर युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा पेश की। दूसरी ओर मटियाना पंचायत के कलांडा वार्ड में प्रथम बार मतदान करने वाले युवा मतदाता ने लोकतंत्र में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।

फिमी दावी ने उत्साह के साथ किया मतदान।

रोहड़ू की ग्राम पंचायत कटलाह के मेल्ठी गांव के मस्त राम ने किया मतदान।

शेखल वार्ड-4 की दूसरी सबसे वरिष्ठ महिला मतदाता।

94 वर्षीय डी.डी. कश्यप और 85 वर्षीय सुनैना कश्यप ने किया मतदान।
इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री Jagat Prakash Nadda भी बिलासपुर स्थित अपने पैतृक गांव पहुंचे और मतदान किया।
मतदान समाप्त होते ही पंचायत भवनों में मतगणना शुरू हो गई है। देर शाम तक अधिकांश पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के परिणाम आने शुरू हो जाएंगे, जबकि बीडीसी और जिला परिषद सदस्यों के मतों की गणना रविवार को की जाएगी।
लोकतंत्र के इस पर्व में बुजुर्गों की प्रतिबद्धता, युवाओं की भागीदारी और ग्रामीणों के उत्साह ने एक बार फिर साबित कर दिया कि हिमाचल की पंचायतें लोकतांत्रिक चेतना की सबसे मजबूत नींव हैं।




