
झाकड़ी से दर्ज हुई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट, रामपुर से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा
IBEX NEWS BUREAU,shiml
जिला शिमला पुलिस ने एक 16 वर्षीय लापता नाबालिग बालिका को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
पुलिस थाना झाकड़ी में 28 मई को एक महिला ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री 27 मई को घर से बिना बताए कहीं चली गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष तलाश अभियान चलाया। जांच टीम ने विभिन्न संभावित स्थानों पर खोजबीन करने के साथ तकनीकी विश्लेषण और अन्य आवश्यक जांच-पड़ताल की। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस ने नाबालिग को रामपुर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बालिका स्वयं ही बिना किसी को बताए घर से चली गई थी। बरामदगी के बाद सभी कानूनी और प्रक्रियात्मक औपचारिकताएं पूरी कर उसे उसकी माता के सुपुर्द कर दिया गया।
जिला शिमला पुलिस ने कहा कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह सफलता पुलिस की सतर्कता, संवेदनशीलता और प्रभावी कार्यप्रणाली का उदाहरण है।



