
IBEX NEWS BUREAU,शिमला/चंबा।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। कालाबन के समीप पर्यटकों से भरी एक बोलेरो/इनोवा अनियंत्रित होकर लगभग 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना दुर्गम क्षेत्र में होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। खाई की गहराई और खड़ी ढलान के चलते शवों को मुख्य सड़क तक पहुंचाना प्रशासन और पुलिस के लिए कठिन कार्य साबित हो रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय बैरागढ़ कमेटी ने क्षेत्रवासियों से मानवीय आधार पर सहयोग की अपील की है। कमेटी ने युवाओं और आम लोगों से रविवार सुबह 8 बजे बैरागढ़ में एकत्र होने का आग्रह किया है, ताकि मानव श्रृंखला बनाकर और रस्सियों की मदद से शवों को खाई से बाहर निकालने में प्रशासन की सहायता की जा सके।



