
NDPS मामले में चौथी गिरफ्तारी, अंतरराज्यीय सप्लाई चेन के तार खंगाल रही पुलिस
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
शिमला। जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए चंडीगढ़ निवासी एक मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे एनडीपीएस अधिनियम की धारा 29 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना ढली में दर्ज अभियोग संख्या 36/2026 में 13 मई 2026 को स्पेशल सेल शिमला की टीम ने भट्टाकुफ्फर क्षेत्र में एक वाहन से करीब 11 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया था। मामले में निखिल ठाकुर और सुलभ थापा को मौके पर गिरफ्तार किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए चंडीगढ़ निवासी आकाश को भी गिरफ्तार किया था। अन्वेषण में आरोपी आकाश और निखिल ठाकुर के बीच वित्तीय लेन-देन के साक्ष्य सामने आए, जिससे नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले।
मामले की गहन जांच और बैकवर्ड लिंकेज पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने अब चंडीगढ़ के फेस-1 रामदरबार इंडस्ट्रियल एरिया निवासी 28 वर्षीय बॉबी को गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपी बॉबी और निखिल ठाकुर के बीच नशा तस्करी तथा वित्तीय लेन-देन से जुड़े अहम साक्ष्य मिले हैं, जिससे उसकी मादक पदार्थों की आपूर्ति में संलिप्तता उजागर हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी बॉबी लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था। तकनीकी विश्लेषण एवं लगातार प्रयासों के बाद उसे 4 जून को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। शिमला पुलिस का कहना है कि ड्रग सप्लायर्स और अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा मामले की गहन जांच की जा रही है।



