
नादौन पुलिस ने तरेटी में की कार्रवाई, 1.40 ग्राम हेरोइन बरामद; वाहन और अन्य सामान भी कब्जे में
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
जिला पुलिस हमीरपुर द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना नादौन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवतियों समेत पांच लोगों को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.40 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तरेटी क्षेत्र में गश्त एवं चेकिंग के दौरान सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जीएचएस तरेटी के समीप संदिग्ध अवस्था में बैठे पांच व्यक्तियों को जांच के लिए रोका। पूछताछ के दौरान उनके जवाब संतोषजनक न पाए जाने पर मौके पर खड़ी कार (एचपी-12एच-3004) की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान दो पारदर्शी पन्नियों में कुल 1.40 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके अतिरिक्त एक काले रंग के पर्स से पहचान संबंधी दस्तावेज, नकदी तथा जले हुए नोट भी बरामद किए गए। पुलिस ने सभी बरामद वस्तुओं को नियमानुसार सील कर अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने मामले में कुशल कुमार निवासी भूम्पल (नादौन), अंकित निवासी जलाड़ी (नादौन), पंकज कौड़ल निवासी भड़ोली (कांगड़ा), अमरजोत निवासी होशियारपुर (पंजाब) तथा तमन्ना निवासी जालंधर (पंजाब) को आरोपी बनाया है।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की गहन जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलबीर सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि जिले में नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है तथा नशा कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




