
IBEX NEWS BUREAU,शिमला/रिकांगपिओ, 1 जुलाई। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किन्नौर पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में एक व्यक्ति के कब्जे से 574 ग्राम चरस बरामद की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 30 जून 2026 को की गई। बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना रिकांगपिओ में एफआईआर संख्या 28/2026 दर्ज की गई है। मामला मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की धारा 20 के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जानी थी।
किन्नौर पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



