
मंत्री ने स्पष्ट किया है कि सरकारी दौरों और जनता से जुड़े विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों की इस तरह की कोताही को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
IBEX NEWS BUREAU,शिमला (चौपाल)।
शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र में उस वक्त प्रशासनिक हड़कंप मच गया जब प्रदेश के लोक निर्माण विभाग (PWD) के मंत्री विक्रमादित्य सिंह के औचक दौरे के दौरान विभाग के आला अधिकारी नदारद मिले। मंत्री के कार्यक्रम में अधिकारियों की इस गैर-मौजूदगी को गंभीरता से लेते हुए अब अनुपस्थित रहे अधिकारियों के खिलाफ कड़ा संज्ञान लिया जा रहा है और उन्हें कारण बताओ नोटिस (Explanation) जारी करने को कहा ।मंत्री ने स्पष्ट किया है कि सरकारी दौरों और जनता से जुड़े विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों की इस तरह की कोताही को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दौरे के दौरान जब लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारी तय स्थान पर नहीं पहुंचे, तो मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने खुद फोन उठाकर अनुपस्थित अधिकारी से सीधे संपर्क साधा। फोन पर ही अधिकारी से कार्यक्रम में न आने का कारण पूछा गया और अधिकारियों की इस लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई गई।विभागीय सूत्रों के अनुसार, सरकारी प्रोटोकॉल और कर्तव्यों के उल्लंघन के इस मामले में अब अनुपस्थित अधिकारियों को औपचारिक तौर पर ‘कारणबताओनोटिस‘ (Explanation Call) जारी किया जा रहा है। अधिकारियों को एक निश्चित समय के भीतर यह जवाब देना होगा कि वे इस महत्वपूर्ण दौरे से क्यों गायब थे, और संतोषजनक जवाब न मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी अमल में लाई जा सकती है।
इस घटना के बाद से पूरे जिला प्रशासन और विशेषकर लोक निर्माण विभाग के स्थानीय अमले में हड़कंप का माहौल है।



