
रामपुरी मेले से लौटते समय फिसला पैर, स्थानीय लोगों के सहयोग से सफल रेस्क्यू
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
जुब्बल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गहरी ढांक (खाई) में फंसे एक युवक की जान बचाने में सफलता हासिल की। समय पर चलाए गए रेस्क्यू अभियान के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18/19 जुलाई 2026 की रात कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सूचना मिली कि जयपीढ़ी माता मंदिर, ओल्ड जुब्बल के समीप एक व्यक्ति गहरी ढांक में फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही जुब्बल पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला। गिरने के कारण उसके शरीर पर चोटें आई थीं, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल जुब्बल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सुरक्षित स्थानीय पंचायत प्रधान के सुपुर्द कर दिया गया।
घायल युवक की पहचान इंद्र बखीरटा (34 वर्ष) निवासी जुब्बल, जिला शिमला के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह जिला स्तरीय रामपुरी मेले से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसका पैर फिसल गया और वह गहरी ढांक में गिरकर झाड़ियों में फंस गया।
पुलिस के अनुसार, यदि समय रहते सूचना पर कार्रवाई नहीं होती और रेस्क्यू अभियान नहीं चलाया जाता, तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। जुब्बल पुलिस की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय लोगों के सहयोग से युवक की जान सुरक्षित बचा ली गई।



