Listen to this article

IBEX NEWS ,शिमला

 भाजपा सरकार के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह के दामाद संजीव भंडारी ने विधानसभा चुनाव लडऩे की हुंकार भर दी है। उन्होंने कहा कि पार्टी का टिकट न मिला तो भी वह चुनाव हर हालत में लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि उन पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं का दवाब है।

संजीव भंडारी जल शक्ति मंत्री महेन्दर सिंह के दामाद हैं

शुक्रवार को जोगेंद्रनगर में पत्रकारवार्ता के दौरान संजीव भंडारी ने कहा कि क्षेत्र के विकास, महिलाओं के सम्मान को प्राथमिकता देने के लिए वह चुनाव लड़ेगें। एक सुखी समृद्ध परिवार से संबंध रखने के बाद उनके कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि वह भी चुनाव लड़कर जन सेवा करें।

विस क्षेत्र में उन्हें मतदाताओं का समर्थन मिल रहा है। वह नेक कमाई से जरूरतमंदों की सहायता करते हैं। उन्होंने कहा कि जोगेंद्रनगर की 56 पंचायतों में 1167 महिला मंडलों के सम्मान समारोह में उन्होंने जो सौगातें बांटी हैं, वह उनकी नेक कमाई का दस प्रतिशत हिस्सा है। 18 सितंबर को मछयाल में युवाओं के सम्मान समारोह में 350 महिला मंडल की सैकड़ों महिलाओं को आमंत्रित किया गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा, कांग्रेस उन्हें टिकट देती है तो भी वह गैर राजनीतिक दल के सहयोग से अपने बलबूते पर चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे भी। उन्होंने दोनों ही दलों के शीर्ष नेतृत्व से भी टिकट की मांग की है।