
IBEX NEWS,शिमला
शिमला में एक दिल दहला देने वाली घटना में यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को घर के आंगन में गड्डा खोदकर जलाने की कोशिश की। संगीन आरोप पति पर लगे हैं और पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान 26 वर्षीय गुलशन के रूप में हुई है। उसकी शादी वर्ष 2020 में तोता राम पुत्र पूर्णचंद चंद से हुई थी।
पुलिस के अनुसार यह दर्दनाक घटना बालूगंज थाना क्षेत्र की शोघी पुलिस चौकी के तहत आने वाले घनपेरी गांव की है। आरोपी तोता राम पेशे से सिक्योरिटी गार्ड है और इस दम्पति का तीन साल का एक बेटा भी है। वारदात का खुलासा तब हुआ जब गुलशन के मायके पक्ष को शक हुआ कि कुछ अनहोनी हो सकती है। गुलशन का भाई अक्षय जब अपनी बहन से संपर्क नहीं कर पाया तो वह रिश्तेदारों के साथ घनपेरी गांव पहुंचा तो पांव तले ज़मीन खिसक गई ।बहन का अधजला शव घर के आंगन में एक गड्ढे में पड़ा था। अक्षय ने बालूगंज थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसकी बहन गुलशन को उसका पति लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। उन्होंने शिकायत में यह भी बताया कि 14 मई को उनकी मां ने गुलशन को फोन किया था लेकिन फोन नहीं लगा। इस पर उन्हें कुछ अनहोनी का संदेह हुआ और वह घनपेरी पहुंचे। वहां गुलशन का शव मिला जिसे देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। हैरानी की बात यह भी है कि हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी तोता राम खुद शोघी पुलिस चौकी गया और पुलिस को यह कहकर गुमराह करने की कोशिश की कि उसकी पत्नी लापता हो गई है। लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की तो सारा मामला खुलकर सामने आ गया। ये भी सामने आया है कि तोता राम सनकी स्वभाव का था और अकसर गुलशन के साथ झगड़े करता रहता था। आरोपी के परिवार में उसका एक भाई है जो शिमला से बाहर नौकरी करता है, उसके माता-पिता नहीं हैं।
आरोपी तोता राम को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) और धारा 238 (सबूत छिपाने/झूठी जानकारी देना) के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।




