
IBEX NEWS NETWORK
- हिमाचल प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के चीफ इंजीनियर विमल नेगी मौत मामले की गुत्थी अभी तक उलझी है, लेकिन इसको लेकर प्रदेश की राजनीति चरम पर है।पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने आरोप लगायें हैं कि विमल नेगी मौत मामले का तार भ्रष्ट अधिकारियों और नेताओं से जुड़ रहा है, ये सभी लोग मुख्यमंत्री के बेहद करीबी हैं।नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि विमल नेगी मौत मामले में सरकार कुछ नहीं कर पाएगी, ये हमें पहले से मालूम था।इसलिए हमने विधानसभा के अंदर सीबीआई जांच की मांग की थी। लेकिन सरकार नहीं मानी और झूठ बोलती रही कि विमल नेगी का परिवार सीबीआई जांच की मांग नहीं कर रहा है।आखिरकार परिवार के कहने पर ही हाईकोर्ट ने ऑर्डर दिया कि सारे मामले की जांच सीबीआई के माध्यम से होनी चाहिए।जयराम ठाकुर ने कहा, “विमल नेगी मौत मामले में जिस प्रकार से सारी जड़ें जुड़कर कहां पहुंच रही हैं, वो मुख्यमंत्री के बहुत करीब के लोग हैं।ये लोग अधिकारी हैं, नेता हैं। सब लोग भ्रष्टाचार कर रहे थे. भ्रष्टाचार के केस में विमल नेगी मौत की भेंट चढ़ गए. हमने निष्पक्ष जांच की मांग की है. विमल नेगी के परिवार को न्याय मिलना चाहिए. दोषियों को सजा मिलनी चाहिए”.जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि विमल नेगी मौत मामले में प्रभावशाली लोग सबूत मिटाने की कोशिश कर रहे हैं।विमल नेगी के पास से पेन ड्राइव रिकवर हुआ था, लेकिन पेन ड्राइव से सब कुछ मिटा दिया गया है. इन सारी चीजों को लेकर बहुत सारे सवाल खड़े होते हैं।विमल नेगी के शव की तस्वीर देखें तो पता चलता है कि उनके पास मोबाइल भी था, लेकिन मोबाइल अभी तक नहीं मिला है। इससे पता चलता है कि सबूत को नष्ट करने का प्रयास किया गया है।हम कोर्ट का धन्यवाद करते हैं कि कोर्ट ने मामले में सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं।सीबीआई जांच में आने वाले समय में बहुत सी चीजें निकल कर सामने होगी ।जब पीड़ित परिवार हाईकोर्ट पहुंचा और वहां से सीबीआई को केस ट्रांसफर करने के आदेश हुए, लेकिन सरकार और उनके अफसरों की हिमाकत तो देखिए कि कोर्ट के आदेशों के बावजूद केस सीबीआई को नहीं दिया ।

अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद सीएम सुक्खू विचलित हो गए हैं और कह रहे हैं कि भाजपा राजनीति कर रही है।
राजनीति के लिए हमारे पास बहुत मुद्दे हैं लेकिन भाजपा का लक्ष्य विमल नेगी जी के परिवारजनों को न्याय दिलाना है।

सुक्खू जी को इस टिप्पणी के लिए क्षमा मांगनी चाहिए।
मुझे विश्वास है कि कोर्ट द्वारा भी इसका संज्ञान लिया जाएगा:जय राम ठाकुर
उन्होंने आरोप लगायें हैं कि जिस प्रकार से कांग्रेस सरकार के चहेते अफसर सारी सीमाएं लांघ कर अपने शीर्ष अधिकारियों की बात न मानकर अपनी ही जिद्द पर अड़े हुए हैं, वो बहुत बड़ी चिंता की बात है।ऐसे अधिकारियों का रवैया बहुत गलत है। भाजपा इस पूरे प्रकरण में सरकार के संरक्षण को देखते हुए मुख्यमंत्री से तत्काल इस्तीफे की मांग करती है। हमारा मानना है कि जिस प्रकार की परिस्थिति आज बनी हुई है, ऐसे में इस सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं रह जाता।
ये सभी बाते जयराम ठाकुर ने घुमारवीं में कही, जहां वे ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर बीजेपी द्वारा निकाली गई सिंदूर यात्रा में शामिल हुए।इस दौरान जयराम ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत के वीर जवानों के शौर्य और वीरता की वजह से बदलते भारत की शक्ति का एहसास पूरी दुनिया को हो गया है।




