
गुरुवार को शहीद पुष्पेंद्र नेगी पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका पैतृक गांव थैमगारंग में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 6 साल के बेटे ने उन्हें मुखाग्नि दी।
पत्नी ने सैल्यूट देकर पति को विदाई दी।
मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक, कहा – प्रदेश सदा रहेगा ऋणी इस वीर सपूत का
IBEX NEWS,शिमला ।
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के वीर सपूत नायक पुष्पेंद्र नेगी के निधन से समूचे प्रदेश में शोक की लहर है। अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए देश की सेवा में बलिदान देने वाले इस वीर जवान को आज किन्नौर की वीरभूमि ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। नम आंखों, देशभक्ति के नारों और भारी दिलों के बीच स्थानीय लोगों, परिजनों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें अंतिम सलामी दी।

किन्नौर की सांगला तहसील के थैमगारंग पंचायत निवासी एवं 19 डोगरा रेज़ीमेंट में असम में तैनात वीर सपूत नायक पुष्पेंद्र नेगी के तेज़ हवाओं के चलते पेड़ की टहनियों की चपेट में आने से निधन हो गया।
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में गुरुवार को शहीद पुष्पेंद्र नेगी पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका पैतृक गांव थैमगारंग में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 6 साल के बेटे ने उन्हें मुखाग्नि दी।

बुधवार उनकी पार्थिव देह को किन्नौर पहुंचाया जाना था । खराब मौसम की वजह से हेलिकॉप्टर की उड़ान समय पर नहीं हो पाई। असम से पुष्पेंद्र के पार्थिव शरीर को हेलिकॉप्टर में पहले दिल्ली और फिर चंडीगढ़ लाया गया। चंडीगढ़ से सेना के जवानों ने सड़क मार्ग से पार्थिव शरीर किन्नौर पहुंचाया। सुबह करीब 10 बजे पार्थिव शरीर गांव पहुंचा है ।


मुख्यमंत्री ने नायक पुष्पेंद्र नेगी के बलिदान पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश इस वीर सपूत के बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। नायक पुष्पेंद्र नेगी की शहादत हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है। हम उन्हें श्रद्धा और कृतज्ञता के साथ सदा याद रखेंगे।” मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की।




लोगों ने वीर को विदाई दी, बच्चों ने फूल बरसाए और पूरा किन्नौर “भारत माता की जय” और “पुष्पेंद्र नेगी अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।
इस मौके पर सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी। जनप्रतिनिधि, सेना के वरिष्ठ अधिकारी और सैकड़ों लोग अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े।






