
IBEX NEWS,शिमला ।
प्रेदश के मंडी जिला के बग्गी में बीती रात को तीन दोस्त बग्गी नहर के समीप बैठे हुए थे और एक युवक नहर में फिसल गया ।डूब रहे युवक को बचाने के चक्कर में दूसरे दोस्त ने भी छलांग लगा दी।और तीसरे दोस्त ने शोर मचाया तब से इलाके में शोक पसरा है और बीती रात से मौके पर सर्च ऑपरेशन जारी है, लेकिन अभी तक दोनों का पता नहीं चल पाया है।डीएसपी हेडक्वार्टर दिनेश कुमार टीम सहित सर्च ऑपरेशन में डटे हुए हैं।वहीं युवकों की तलाशी के लिए मौके पर एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है।जानकारी के अनुसार बीती रात 11 बजे के करीब आशीष गौतम (36) निवासी बिलासपुर, सुधीर शर्मा निवासी पुराना बाजार सुंदरनगर और हरदीप सिंह निवासी बल्ह लोहारा नहर किनारे बैठकर आपस में बातें कर रहे थे।बातचीत के दौरान सुधीर ने मजाक में कहा कि वह परेशान है और नहर में कूद जाएगा।उसके इस मजाक को पहले तो दोनों दोस्तों ने हल्के में लिया, लेकिन जब वह पैरापिट से उतरने लगा तो दोनों घबरा ग।बरसात के कारण नहर किनारे फिसलन थी जैसे ही सुधीर नहर के करीब पहुंचा, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नहर में जा गिरा। यह दृश्य देख आशीष खुद को रोक नहीं पाया और दोस्त को बचाने के लिए छलांग लगा दी।आशीष ने सुधीर को पकड़ भी लिया था, लेकिन नहर का तेज बहाव दोनों को बहा ले गया। घटनास्थल पर मौजूद तीसरा दोस्त हरदीप सिंह यह सब देखकर मदद के लिए चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन रात के सन्नाटे में उसकी आवाज किसी तक नहीं पहुंची।जिसके बाद उसने इस घटना के बारे में धनोटू पुलिस को सूचित किया।




