
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राहत एवं पुनर्वास कार्यों में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शिमला | 26 जुलाई
IBEX NEWS,शिमला ।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के दौरान एक बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी के साथ अभद्र व्यवहार कर न केवल लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया, बल्कि आपदा राहत और पुनर्वास के कार्यों में भी बाधा डालने का प्रयास किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर कहा,
“भाजपा कार्यकर्ताओं का यह व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। इस प्रकार की राजनीतिक साज़िशें न केवल संवेदनहीनता को दर्शाती हैं, बल्कि उन हजारों पीड़ित परिवारों के साथ अन्याय भी हैं जो पहले ही बहुत कुछ खो चुके हैं।”
मुख्यमंत्री ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह आपदा-प्रभावित परिवारों को राहत और सहायता नहीं देना चाहती। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष पीड़ितों की मदद नहीं कर सकता, तो कम से कम उनके पुनर्वास में बाधा भी न बने।

राज्य सरकार की प्राथमिकता हर पीड़ित व्यक्ति तक मदद पहुंचाना है और इसके लिए प्रशासनिक अमला दिन-रात कार्य कर रहा है।मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राहत एवं पुनर्वास कार्यों में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाएं न केवल राजनीतिक रूप से निंदनीय हैं, बल्कि मानवता के मूल सिद्धांतों के खिलाफ भी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा न तो पीड़ितों की मदद करना चाहती है और न ही दूसरों को करने देना चाहती है।सुक्खू ने इसे राजनीतिक रोटियाँ सेंकने का प्रयास और “संवेदनहीनता” बताया है।




