
केलांग, 1 अगस्त 2025
IBEX NEWS,शिमला
साम्फिया फाउंडेशन, कुल्लू और महिला एवं बाल विकास इकाई, लाहौल-स्पीति के संयुक्त तत्वावधान में आज केलांग में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को बच्चों में प्रारंभिक विकासात्मक विलंब की पहचान और उम्रानुकूल हस्तक्षेप को लेकर प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के समग्र विकास के लिए प्रारंभिक स्तर पर समस्या की पहचान और समयबद्ध हस्तक्षेप अत्यंत आवश्यक है।
उपायुक्त भड़ाना ने आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं से लाहौल घाटी में एक व्यापक सर्वेक्षण करने का आग्रह किया, ताकि ऐसे बच्चों की पहचान की जा सके जिन्हें विशेष सहायता की आवश्यकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस दिशा में कोई भी देरी बच्चों के भविष्य को प्रभावित कर सकती है।


उन्होंने साम्फिया फाउंडेशन और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा उठाए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा,

“इस महत्वपूर्ण सामाजिक पहल के लिए मैं समर्पित टीम को हार्दिक शुभकामनाएं और धन्यवाद देती हूँ।”
कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण, केस स्टडीज और संसाधनों के उपयोग की जानकारी भी दी।




