
BJP लाहौल स्पीति ने पूछा – पुल टूटने के बाद कहां है सरकारी टीम?BJP की पोस्ट वायरल
ना काम धरातल पर, ना नेता मैदान में’ — चिचोग पुल को लेकर BJP का सोशल मीडिया पर वार
IBEX NEWS,शिमला
लाहौल-स्पीति जिले की तोद वैली में चिचोग पुल टूटे हुए पांच दिन से अधिक हो गए हैं, जिससे खालोक्सा, मोनडाक्सा और उनको जैसे कई गांवों का संपर्क कट गया है। वर्तमान में इलाके में मटर की फसल चरम पर है, जो साल में केवल एक बार होती है। किसानों के लिए यह समय बेहद अहम है, क्योंकि इसी फसल को मंडियों में भेजकर वे साल भर का जीवन यापन करते हैं।
पुल टूटने से ग्रामीणों को कई किलोमीटर घूमकर अन्य पुलों से होकर चिचोग पहुंचना पड़ रहा है। सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है, जो अब तय समय पर लोसार स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं।
स्थानीय किसानों में यह डर गहराता जा रहा है कि यदि पुल का कार्य शीघ्र शुरू नहीं हुआ, तो उनकी मेहनत की मटर की फसल समय पर मंडी नहीं पहुंच पाएगी और उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।

स्थानीय विधायक अनुराधा राणा द्वारा पुल का निरीक्षण करने और युद्धस्तर पर कार्य आरंभ करने के निर्देश देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रशासनिक अधिकारी और अन्य नेतागण मौके पर पहुंचने के बजाय केवल ‘फोटो खिंचवाने’ तक सीमित दिखे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और सरकार से गुहार लगाई है कि पुल के निर्माण कार्य को अविलंब युद्धस्तर पर शुरू किया जाए ताकि क्षेत्र के किसान और छात्र पुनः सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।




