
IBEX NEWS,शिमला
पूह, किन्नौर: बुधवार शाम लगभग 7.20 बजे पूह के होजो नाले में अचानक बादल फटने से बाढ़ आ गई। इस नाले में आईटीबीपी की सीमा सड़क निर्माण कार्य ओसिस प्रोजेक्ट कंपनी लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। ओसिस प्रोजेक्ट का कार्यालय और कर्मचारियों के आवास भी इसी नाले में स्थित हैं।


घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कंपनी के 5 कर्मचारी फंसे हुए हैं जिन्हें रेस्क्यू किया जा रहा है। इसके अलावा, 11 करोड़ की उठाऊ पेयजल योजना की पाइपलाइन, कंपनी का पुल, मजदूरों का डारा और सड़क निर्माण में लगी मशीनरी भी बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुई।
स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। फंसे कर्मचारियों को भारतीय सेना द्वारा भोजन पहुंचाया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारीयों का कहना है कि प्रशासन की टीम पूरी तरह राहत कार्य में लगी हुई है और नुकसान का आकलन किया जाएगा।




