
भारी बारिश से किन्नौर में टिंकू नाला के पास NH-5 धंसकर सतलुज में समा गया।
सड़क खाई में तब्दील, यातायात पूरी तरह ठप।
स्पीति और ऊपरी किन्नौर दुनिया से कटे।
प्रशासन ने रातभर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई।
बहाली कार्य सुबह से शुरू होगा।
IBEX NEWS,शिमला ।
हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर जारी है। लगातार हो रही भारी बारिश से प्रदेश के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और अनेक नेशनल हाईवे व सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं।इसी कड़ी में शनिवार शाम लगभग 5 बजे जनजातीय जिला किन्नौर के पूह खंड के अंतर्गत टिंकू नाला के पास एनएच-5 का एक बड़ा हिस्सा धंस गया, जिससे यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। सड़क का धंसा हिस्सा सीधे सतलुज नदी में समा गया और मार्ग खाई में तब्दील हो गया।इस घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल पुलिस और होमगार्ड के जवानों को मौके पर तैनात कर दिया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

गौरतलब है कि पूह खंड और लाहौल-स्पीति जिले का स्पीति क्षेत्र अब पूरी तरह से किन्नौर मार्ग से कटा हुआ है। इसके अतिरिक्त, मलिंग नाला पर भी पिछले 24 घंटों से लगातार भूस्खलन हो रहा है, जिसके चलते सड़क मार्ग बंद पड़ा है।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आज रात टिंकू नाला के पास सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। अधिकारियों का कहना है कि रात के अंधेरे में सड़क के और धंसने का खतरा बना हुआ है, जिससे बड़े हादसे हो सकते हैं। सड़क बहाली का कार्य कल सुबह से आरंभ किया जाएगा।




