
दिल्ली से आए श्रद्धालु नाले के पास हादसे का शिकार, बारिश से धंसा पैदल मार्ग
IBEX NEWS,शिमला ।
किन्नौर जिले के युला कांडा स्थित कृष्ण मंदिर में जन्माष्टमी पर्व के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मंदिर में दर्शन करने दिल्ली से पहुंचे तीन श्रद्धालुओं में से एक दंपत्ति की पत्थर लगने से मौत हो गई। हादसा शनिवार सुबह लगभग 5 बजे युला के समीप एक नाले के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, अचानक ऊपर से गिरे पत्थर ने पति-पत्नी को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू दल सुबह 10:40 बजे घटनास्थल पर पहुंचा और शवों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
उधर, युला कांडा में सुबह से ही लगातार बारिश का दौर जारी है, जिससे पैदल मार्ग धंसने लगा है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से एहतियात बरतने की अपील की है और परिस्थितियां बिगड़ने पर यात्रा को स्थगित करने की चेतावनी भी दी है।
बता दें कि युला कांडा में भगवान श्रीकृष्ण का सबसे ऊंचाई पर स्थित प्राचीन मंदिर है और जन्माष्टमी पर्व पर यहां भारी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं।




