
दिल्ली जाते वक्त गायब हुआ युवक, परिजनों ने जताई गहरी चिंता
IBEX NEWS,शिमला
हिमाचल प्रदेश के रामपुर क्योंथल क्षेत्र से संबंध रखने वाले 32 वर्षीय अजय चौहान (पुत्र श्रीमान दयाराम, गांव व डाकघर रामपुर कैंथला) पिछले 10 दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हैं।
मामले की पुष्टि पुलिस थाना बालूगंज द्वारा की गई है। पुलिस के अनुसार, अजय चौहान 3 अगस्त 2025 को ट्रक से दिल्ली रवाना हुआ था। ड्राइवर के बयान के मुताबिक, वह रास्ते में बिना बताए ट्रक से उतर गया और उसके बाद से कोई संपर्क नहीं हो पाया।
परिजनों के अनुसार, अजय ने आखिरी बार अपनी माँ से फोन पर 3 अगस्त को बात की थी और उसके बाद से फोन लगातार बंद आ रहा है। एक मित्र को भेजे गए UPI पेमेंट से यह पता चला कि वह दिल्ली में मौजूद था, परंतु अब उसका कोई सुराग नहीं है।
पुलिस ने सीडीआर और लोकेशन डिटेल निकालने के लिए मामला डीसीआरबी शाखा शिमला को प्रेषित कर दिया है। साथ ही दिल्ली पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है।

पिता दयाराम ने लोगों से अपील की है कि वे बेटे को ढूंढने में मदद करें ।लापता अजय चौहान की उम्र 32 वर्ष है और जन्म तिथि 27 फरवरी 1993 बताई गई है। परिजनों ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास उनकी कोई जानकारी हो तो कृपया तुरंत पुलिस को सूचित करें।




