
शिमला, 21 अगस्त।
निदेशालय उच्चतर शिक्षा, हिमाचल प्रदेश ने विभागीय पदोन्नति समिति की सिफारिशों पर 642 प्रशिक्षित स्नातक अध्यापकों (TGTs) को प्रवक्ता (स्कूल-नवीन) अंग्रेजी के पद पर पदोन्नत कर दिया है। ये सभी अध्यापक संबंधित विषय में परास्नातक उपाधि धारक हैं और उन्होंने प्रवक्ता पद के लिए आवेदन किया था।
निदेशालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार इन पदोन्नत प्रवक्ताओं को एचपीसीएस संशोधित वेतन नियम-2022 के अंतर्गत नियमित आधार पर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में नियुक्त किया गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन अध्यापकों के विरुद्ध कोई जांच, सतर्कता मामला अथवा अनुशासनात्मक कार्यवाही लंबित नहीं है, उन्हीं को पदोन्नति दी गई है।स्कूल शिक्षा निदेशालय ने 642 टीजीटी पदोन्नत कर प्रवक्ता बना दिए हैं। वीरवार को इस बाबत अधिसूचना जारी हुई। शिक्षा निदेशक ने बताया कि अंग्रेजी के 78, हिंदी के 128, इतिहास के 92, राजनीति विज्ञान के 125, अर्थशास्त्र के 76, कॉमर्स के 74, गणित के 24, भूगोल के 6, संस्कृत के 3, समाजशास्त्र के 8, फिजिक्स के 1, रसायन शास्त्र के 1, विशेष रूप से सक्षम 26 टीजीटी को पदोन्नत कर प्रवक्ता बनाया गया है।
पदोन्नति सूची में शामिल शिक्षकों में योगेश शर्मा, विजय सिंह रंधावा, राजेश कुमार शुक्ला, देश राज, रीना ठाकुर, राकेश कुमार, सुरेश कुमार, सुमेश दत्त, नरेश शर्मा, सुमन धरुपता, रश्मि गुप्ता, विनय चौहान, सुशील शर्मा, मीना कुमारी, संजय कुमार और रजनी मेहरा के नाम शामिल हैं।



























