482 संपर्क मार्ग और 2 नेशनल हाईवे बंद, जनजीवन बेहाल
मौसम विभाग का अलर्ट: अगले 6 दिन भारी बारिश, यैलो अलर्ट जारी
IBEX NEWS,शिमला ।
हिमाचल प्रदेश में मानसून सक्रिय बना हुआ है और लगातार हो रही भारी वर्षा से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। राज्य के कई जिलों में भारी वर्षा की घटनाएँ दर्ज की गई हैं।
कुल्लू जिले के भुंतर क्षेत्र में बरशौणा नाले में फ्लैश फ्लड दर्ज हुआ, जिससे खेतों और फसलों को नुकसान पहुँचा। चम्बा जिले के डल्हौजी क्षेत्र में बादल फटने की घटना हुई, जिसके परिणामस्वरूप कई घरों में पानी घुस गया तथा एक रेन शेल्टर और एक भवन बह गया। बाढ़ का पानी गुनियाला गाँव तक पहुँचा, जहाँ वाहनों और ट्रांसफार्मर को क्षति हुई।
भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाथरी के पटना मोड़ के समीप दिल्ली–चम्बा रूट की वॉल्वो बस और एक कार मलबे की चपेट में आ गई।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, अब तक भूस्खलन की 79, फ्लैश फ्लड की 77 और बादल फटने की 40 घटनाएँ दर्ज की जा चुकी हैं। मृतकों का कुल आंकड़ा 303 तक पहुँच गया है, 360 लोग घायल हैं तथा 37 अभी भी लापता हैं।
अब तक राज्य को अनुमानित ₹2348.62 करोड़ का नुकसान हुआ है, जिसमें लोक निर्माण विभाग को ₹1310.79 करोड़, जल शक्ति विभाग को ₹769.74 करोड़ तथा विद्युत बोर्ड को ₹139.46 करोड़ का नुकसान शामिल है।
मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी
29 व 30 अगस्त: राज्य के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना हैं ।
26 अगस्त: ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में भारी वर्षा की संभावना।
27 अगस्त: मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा।
28 अगस्त: मंडी और शिमला जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी।
29 व 30 अगस्त को भी एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए यैलो अलर्ट जारी किया है।
वर्षा के आँकड़े (पिछले 24 घंटे)
- सुंदरनगर: 55 मिमी
- ऊना: 42.6 मिमी
- धर्मशाला: 52 मिमी
- कांगड़ा: 47 मिमी
- मंडी: 32 मिमी
- नेरी: 78.5 मिमी
- मनाली: 19 मिमी
- भुंतर: 11 मिमी
राजधानी शिमला में हल्की बूंदाबांदी दर्ज हुई। कई स्थानों पर मेघ गर्जन (Thunderstorm) भी रिपोर्ट हुए।




