
IBEX NEWS,ठियोग (शिमला) — राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं आरपीजी मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज ठियोग उपमंडल के थानाधार में आयोजित ‘नेशनल कॉन्क्लेव ऑन स्टोन फ्रूट्स’ में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।


कार्यक्रम के दौरान उन्होंने इस सम्मेलन के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में स्टोन फ्रूट्स (आड़ू, आलूबुखारा, चेरी, नेक्टरीन आदि) की खेती राज्य की बागवानी अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी है और इसे आधुनिक तकनीक व बाजार से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
मंत्री नेगी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए बागवानी क्षेत्र में अनेक नवाचार और योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मेलन किसानों, वैज्ञानिकों और उद्यमियों के बीच संवाद का मंच प्रदान करते हैं, जिससे उत्पादन, विपणन और निर्यात के नए अवसर खुलते हैं।
उन्होंने सम्मेलन के आयोजकों, विशेषज्ञों और किसानों की सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा की और कहा कि थानाधार क्षेत्र को स्टोन फ्रूट्स की गुणवत्ता और उत्पादन के लिए देशभर में पहचान मिली है।
कार्यक्रम में बागवानी विभाग के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, उद्यमी और बड़ी संख्या में बागवान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने आयोजक संस्थाओं की मेहनत और सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया और आशा व्यक्त की कि ऐसे आयोजन भविष्य में भी प्रदेश की बागवानी को नई दिशा देंगे।




