
IBEX NEWS,शिमला
शिमला जिला के रोहड़ू उपमंडल के अंतर्गत धमवानी जंगल में रविवार शाम शिकार के दौरान गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान लकी पुत्र थला राम निवासी कड़ीवन, तहसील टिक्कर के रूप में हुई है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।
घटना रविवार शाम करीब 4:45 बजे की है। शिकायतकर्ता मीना राम पुत्र नाकू राम निवासी कड़ीवन ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसे सूचना मिली कि लकी को जंगल में गोली लगी है। इसी दौरान मीना राम ने जब्ली कैंची की ओर जा रही एक गाड़ी को रोका, जिसमें चालक साहिल, पंकज और सुखपाल निवासी टिक्कर सवार थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, ये तीनों युवक शिकार के उद्देश्य से जंगल गए थे। गाड़ी की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक डबल बैरल गन, एक बैग में कुछ जिंदा कारतूस और एक खाली कारतूस बरामद किए।
थाना रोहड़ू में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 125, 3(5) बीएनएस और 25 इंडियन आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने गन और कारतूस कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं।
प्रारंभिक जांच में यह भी पड़ताल की जा रही है कि गोली गलती से चली या जानबूझकर चलाई गई। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, पर तीनों संदिग्धों से लगातार पूछताछ जारी है।




