
IBEX NEWS,शिमला
पूह उप मंडल की रिब्बा ग्राम पंचायत में किया 20 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली मल निकासी योजना का शिलान्यास किया
रिकांगपिओ 15 नवंबर, 2025
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज किन्नौर जिला के रिकांग पिओ स्थित एस.डी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पारितोषिक वितरण समारोह की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, संवेदना और समाज के प्रति जिम्मेदारी का आधार भी है।
कैबिनेट मंत्री ने अपने संबोधन में एस.डी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल मैं पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं शारीरिक विकास पर भी बल दिया ताकि इस चुनौती पूर्ण माहौल में संपूर्ण व्यक्तित्व निर्माण छात्र-छात्राओं का संभव हो सके। उन्होंने बताया कि वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा के आधारभूत ढांचे को आधुनिक दौर के अनुरूप बनाया जा रहा है ताकि ग्रामीण परिवेश के बच्चों को समानता के अवसर उपलब्ध हों और प्रतिस्पर्धा की दौड़ में वे निजी स्कूल के बच्चों के समक्ष खड़े हो सके।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि का विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य व अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा पारंपरिक ढंग से स्वागत किया गया और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारम्भ किया गया।

ग्राम पंचायत रिब्बा में लगभग 28 करोड़ 49 लाख रुपए की राशि के लोकार्पण व शिलान्यास किए
इसके उपरांत राजस्व मंत्री ने जिला की ग्राम पंचायत रिब्बा का दौरा किया और पंचायत के राजीव सेवा केंद्र में 01 करोड़ 88 लाख रुपए की राशि से निर्मित लाइब्रेरी, बुजुर्ग कक्ष व संगीत रिकॉर्डिंग कक्ष का लोकार्पण कर आम जनता को समर्पित किया। इसके अलावा उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिब्बा में बने शव परीक्षण कक्ष का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को भी सुना और सभी उचित मांगों के त्वरित समाधान के अधिकारियों को निर्देश दिए।

जनजातीय विकास मंत्री ने रिब्बा ग्राम पंचायत के लिए 20 करोड़ 75 लाख रुपए की राशि से बनने जा रही मल निकासी योजना का शिलान्यास किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने 15 लाख रुपए से निर्मित होने वाले खेल स्टेडियम, पार्किंग की सुविधा सहित बस अड्डा रिब्बा, 01 करोड़ 88 लाख की राशि से बनने वाली होल्डांग से मोल्लम छोसतेन तक वाहन योग्य सड़क, 01 करोड़ 43 लाख रुपए की राशि से निर्मित होने वाली परांका से कुरपो सड़क व 02 करोड़ 04 लाख की राशि से बनने जा रही परांका से दारंगदेन सड़क का शिलान्यास किया।
राजस्व मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में वर्तमान राज्य सरकार प्रदेश सहित जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है ताकि ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों में लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके और उन्हें मूलभूत सुविधाओं सहित आधुनिक युग से परस्पर रखा जा सके।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिब्बा RIBBA को सुदृढ़ बनाया जाएगा और क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध करवाए गए हैं ताकि स्थानीय लोगों को घर-द्वार पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सके। इसके अलावा वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत जनजातीय जिला किन्नौर में उपेक्षित एवं निर्धन वर्गों को भूमि का मालिकाना हक प्रदान किया जा रहा है।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने महिला मंडल होल्डांग व महिला मंडल रिब्बा को सांस्कृतिक प्रस्तुति प्रस्तुत करने के लिए 15 हजार रुपए की राशि ऐच्छिक निधि से प्रदान करने की घोषणा की।
स्थानीय ग्राम पंचायत रिब्बा की प्रधान राधिका नेगी व अन्य जन-प्रतिनिधियों द्वारा राजस्व मंत्री का पंचायत में पधारने पर पारंपरिक ढंग से भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर किनफेड के अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, जिला परिषद उपाध्यक्षा प्रिया नेगी, पूह ब्लॉक कांग्रेस समिति के अध्यक्ष प्रेम नेगी, जिला भूतपूर्व सैनिक संगठन किन्नौर के अध्यक्ष इंदर नेगी, महिला कल्याण परिषद की अध्यक्षा रत्न मंजरी, उप पुलिस अधीक्षक उमेश्वर राणा सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारीगण, कार्यकर्ता व अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।




