
IBEX NEWS,शिमला, 19 नवम्बर 2025
हिमाचल प्रदेश के एक आईएएस अधिकारी अनुपम कश्यप के नाम और फोटो का दुरुपयोग किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में उपायुक्त कार्यालय से शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को आधिकारिक ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजी गई है।
शिकायत में कहा गया है कि एक अज्ञात व्यक्ति व्हाट्सऐप पर अधिकारी का नाम और उनकी तस्वीर का गलत इस्तेमाल कर रहा है और +84 81 273 9070 मोबाइल नंबर से लोगों से संपर्क कर रहा है। अधिकारी ने आशंका जताई है कि यह कृत्य गलत सूचनाओं के प्रसार, उत्पीड़न या वित्तीय धोखाधड़ी का कारण बन सकता है।


ई-मेल में संदिग्ध व्हाट्सऐप प्रोफ़ाइल और चैट का स्क्रीनशॉट साक्ष्य के रूप में संलग्न किया गया है। अधिकारी ने साइबर सेल को तुरंत मामले की जांच करने, आरोपी की पहचान करने और नियमों के तहत आवश्यक कानूनी/तकनीकी कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
अधिकारी ने इस घटना को “लोकसेवक की पहचान के दुरुपयोग से जुड़ा अत्यंत गंभीर मामला” बताया है और इसे त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता वाला विषय बताया है।
पुलिस विभाग मामले की जांच की तैयारी में जुट गया है।




